घबराइए नहीं, आपके दरवाजे तक पहुंचेगी सब्जी
महानगर के 60 वार्डों में 80 ट्रकों के जरिए पहुंचाई जाएगी
लॉकडाउन के दौरान सब्जी मंडी में भीड़ उमड़ने के बाद चेता प्रशासन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लॉकडाउन के दौरान लोगों को राशन और सब्जी के लिए दिक्कत का सामना न करना पड़े इसे लेकर प्रशासन चेत गया है। बुधवार सुबह लॉकडाउन के दौरान सब्जी मंडी में भीड़ उमड़ने के बाद प्रशासन ने रणनीति तैयार कर ली है। अब महानगर के 60 वार्डों में ट्रकों के जरिए सब्जी पहुंचाई जाएगी। इसके लिए हर वार्ड मेें स्थान चयनित कर लिए गए हैं।
महानगर में मंगलवार रात 12 बजे से लॉकडाउन लागू हो गया था। इसे लेकर लोगों में राशन और सब्जी को लेकर चिंता दिखी। बुधवार सुबह सब्जी खरीदने के लिए भीड़ उमड़ी। इस दौरान पुलिस ने लोगों को सख्ती जताते हुए वापस घर भेजा। इसके बाद प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों, मंडी समिति, परिवहन विभाग और पूर्ति विभाग की बैठक बुलाई गई। बैठक में निर्णय किया गया कि महानगर के हर वार्ड में जगह चिह्नित की जाएंगी। जहां पर ट्रकों के जरिए मंडी से सब्जी भेजी जाएगी।
चिह्नित जगहों पर 10 हथठेले होंगे। जिनके जरिए हर छोटी गली और मोहल्ले और घर तक सब्जी पहुंचेगी। इसके लिए नगर निगम और पूर्ति विभाग के अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को तय कीमतों पर सब्जी मुहैया कराई जाएगी। डीएम आंद्रा वामसी ने बताया कि महानगर के 60 वार्डों में 80 स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां तक ट्रकों से सब्जी पहुंचेगी। लोगों को आवश्यक सामानों की आपूर्ति कराने में दिक्कत नहीं होगी।
सब्जी मंडी में नहीं बिकेगी
बुधवार को संभागीय उपनिदेशक सीपी तिवारी ने मंडी सचिव पंकज कुमार और मंडी व्यापारियों के साथ बैठक की। इस दौरान निर्देश दिए गए कि कोई भी व्यापारी लॉकडाउन के दौरान मंडी में सब्जी नहीं बेचेंगे। सब्जी को ट्रकों के जरिए मोहल्लों में भेजा जाएगा।