जान लेवा कोरोना वायरस को लेकर बुधवार से शुरु हुए लॉकडाउन के दौकान सीपरी बाजार सब्जी मंड़ी में लोग
झांसी। पीएम मोदी की तमाम हिदायतों के बाद भी बुधवार की सुबह बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए सब्जी मंडी पहुंच गए। अधिक भीड़ के कारण हंगामे जैसी स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को इधर- उधर करने के लिए लाठियां भांजीं। पुलिस महानिरीक्षक सुभाष चंद्र बघेल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के मंगलवार की रात 14 अप्रैल तक लॉक डाउन की घोषणा करने के साथ ही तमाम लोग भ्रम में आ गए। उनको लगा कि आने वाले दिनों में खाद्य सामग्री मिलने में दिक्कत आएगी। इस कारण बुधवार की सुबह सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में लोग अपने दो पहिया व चार पहिया वाहन से खरीदारी करने पहुंच गए। इससे हंगामे जैसा माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
शुरुआत में पुलिस ने दूर- दूर रहकर लोगों से खरीदारी करने के लिए कहा, लेकिन इसका असर उन पर नहीं पड़ा। मजबूरन पुलिस को लोगों पर लाठियां भांजना शुरू करनी पड़ी। इससे लोगों में अफरा- तफरी मच गई। हालांकि, इसी बीच आईजी सुभाष सिंह बघेल और कई अधीनस्थ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाया। बाद में लोगों को समझाबुझाकर सब्जी मंडी से हटा दिया गया।