संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। मोहल्ला झलकारी बाई नगर में मुख्य मार्ग पर स्थित कुएं के पानी में मंगलवार की सुबह लोगों को झाग उठता हुआ दिखाई दिया। पानी में जहरीला पदार्थ मिलाने की आशंका के चलते हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे नगर पालिका के कर्मचारियों ने पानी का नमूना एकत्र कर जांच के लिए भेजा। इसके अलावा लोगों को कुएं का पानी इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।
मोहल्ले के लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा कुएं की सफाई कराकर उसे लोहे के जाल से ढंक दिया गया है। कुएं में मोटर लगवाकर ऊपर एक टंकी रखवा दी गई है। इस टंकी के कुएं के पानी को लोग अपने इस्तेमाल में लाते हैं। मंगलवार की सुबह लोगों को कुएं के पानी में झाग उठता हुआ दिखाई दिया। कुछ लोगों ने कुएं के पानी का इस्तेमाल नहाने के लिए किया तो उन्हें शरीर में खुजली होने लगी। इससे हड़कंप मच गया। खासी संख्या में लोग कुएं के इर्दगिर्द जमा हो गए। कुएं में जहरीला पदार्थ मिलाने की आशंका जताते हुए लोगों ने सूचना नगर पालिका प्रशासन को दी। इस पर अधिशासी अधिकारी रामदुलार यादव व पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन कुएं के पानी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। साथ ही मोहल्ले के लोगों को कुएं के पानी का उपयोग न करने की हिदायत दी गई।