- प्रतिदिन 130-140 टैंंकर पानी के हो रहे सप्लाई, चाहने वालों तक पहुंचाया जा रहा है पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर में गर्मियों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था अधिकारियों की अनदेखी के चलते फेल होती नजर आ रही है। वार्ड में पर्याप्त मात्रा में टैंकर नहीं पहुंच पा रहे हैं। यह हाल चार वार्ड में बना हुआ है। सभासदों का आरोप है कि टैंकर संचालन में मनमानी की जा रही है। इससे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
नगर में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए भले ही माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। टैंकरों की संख्या बढ़ाकर प्रतिदिन लगभग 130-140 टैंकर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। वार्ड में टैंकर खड़े होने के स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए अधिकारियों को लगाया गया है।
लेकिन, विभाग की तमाम तैयारियां जिम्मेदारों की मनमानी की भेंट चढ़ गई हैं। हालत यह है कि दस्तावेजों में ही पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। धरातल पर पानी की मारामारी मची हुई है। पानी की किल्लत से परेशान होकर लोग वाटर बॉक्स पहुंच रहे हैं। वहीं, सभासद भी यहां पर डेरा डाले हुए हैं। सभासदों का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में टैंकर नहीं आ रहे हैं। इससे लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। यही नहीं आरोप है कि विभागीय अधिकारियों के न होने से कर्मचारी व ट्रैक्टर चालक मनमानी कर रहे हैं। कहीं पर भी टैंकर भेज दिए जाते हैं। सूत्रों की मानें तो पैसे लेकर टैंकरों को मनमानी जगह भेजा जा रहा है।
-
मनमाने तरीके से टैंकर खड़े करने का वीडियो वायरल
मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो हो रहा है। इसमें लोग ट्रैक्टर चालक से मनमाने तरीके से संचालन करने के लिए कह रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरूरत के अनुसार टैंकर खड़े नहीं करते हों, कहीं भी खड़े कर दे रहे हो। यही नहीं टैंकर से तीन इंच मोटी लाइन से पानी खाली किया जा रहा है। वहीं कुछ लोग टैंकर पर ही मोटर रखकर खाली कर रहे हैं। वायरल वीडियो में पैसा लेेकर टैंकर लगाने के आरोप तक लग रहे हैं।
-
इन वार्ड में हो रही समस्या
वार्ड दो मोहल्ला रैदासपुरा में लगभग 12 हजार की आबादी को पानी की किल्लत है, जहां पर महज आठ से दस टैंकर ही उपलब्ध हो रहे हैं। वहीं, वार्ड 12 आजादपुरा तृतीय में पानी के लिए मारामारी हो रही है। वार्ड 15 गांधीनगर प्रथम में टैंकरों के लिए लोग वाटर बॉक्स पर डेरा डालने को मजबूर हैं। यही नहीं वार्ड 17 सिविल लाइन द्वितीय में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे पेयजल संकट बना हुआ है।
-
फोटो- 04
टैंकर से पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। 25 से 30 टैंकर की आवश्यकता है, जिसके सापेक्ष आठ से दस टैंकर ही मिल रहे हैं। कर्मचारियों की लापरवाही से पानी नहीं मिल पा रहा है। - मिथलेश करन कुशवाहा, सभासद वार्ड दो रैदासपुरा
-
फोटो- 05
अधिकारी वाटर बॉक्स नहीं पहुंच रहे हैं। कर्मचारी व चालक मनमाने तरीके से टैंकर का संचालन कर रहे हैं। इससे पानी की किल्लत बनी हुई है। - मनमोहन चौबे, वार्ड 15 गांधीनगर प्रथम
-
फोटो- 06
टैंकर निर्धारित मात्रा के अनुसार नहीं मिल पा रहे हैं। कहीं भी टैंकरों को भेज दिया जाता है। इससे पानी की किल्लत बनी हुई है। टैंकरों का संचालन अधिकारियों की निगरानी में किया जाए। - कुंदनपाल, सभासद, सिविल लाइन द्वितीय
-
टैंकरों का संचालन मानक अनुरूप किया जा रहा है। टैंकर निर्धारित स्थानों पर लगाए जा रहे हैं। अवर अभियंता से निगरानी कराई जाएगी। - शिवराज सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान