मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का नया भवन करीब पांच वर्षों की प्रतीक्षा के बाद जनता के सुपुर्द कर दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्यसभा सांसद और गरौठा विधायक समेत प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में भवन का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ कार्यशैली का परिचायक है। सरकार भी बुंदेलखंड को पूर्ण मनोयोग के साथ विकसित करने के लिए संकल्पित है। गरौठा विधायक दीप नारायण सिंह यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस कार्यक्रम का लोकार्पण सीएमओ की दूरगामी सोच का परिचायक है। शासन और प्रशासन दोनों ही बुंदेलखंड की जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर हैं। लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मंडलायुक्त के राम मोहन राव ने कहा कि अनुशासन से ही व्यक्ति की पहचान होती है। 15 अगस्त के मौके पर सभी लोग पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने का संकल्प लें। डीएम अनुराग यादव ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य विभाग की बेहतर कार्यशैली से ही स्वास्थ्य सेवाओं का लोगों को भरपूर लाभ मिल रहा है। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार यादव ने सभी चिकित्सकों, कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि परिसर को ऐसे ही साफ-सुथरा बनाएं रखें। इससे पूर्व सुबह साढ़े आठ बजे नए भवन में झंडारोहण किया गया। इस मौके पर सीडीओ संजय कुमार, सिटी मजिस्ट्रेेट आरपी मिश्रा, डॉ. एमके जैन, मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनंद चौबे, डीपीएम ऋषिराज सिंह, प्रशांत वर्मा समेत विभाग के चिकित्सक, कर्मचारी और एमओआईसी आदि मौजूद रहे।