अमर उजाला द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को ‘मां तुझे प्रणाम’
कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देशभक्ति गीत /कविताओं की प्रतियोगिता
हुई। इस अवसर पर किले की प्राचीर पर आजादी के तराने गूंजे। प्रतिभागियों ने
दिल में छुपे राष्ट्रप्रेम को सुरों में पिरोकर जाहिर किया। ‘जयहिंद’ और
‘वंदेमातरम’ का नारा बुलंद हुआ। सभी ने आजादी को अक्षुण बनाए रखने का
संकल्प दोहराया।
स्वतंत्रता के प्रथम संग्राम के साक्षी वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के किले के मुख्य द्वार के निकट आयोजित कार्यक्रम में अठारह वर्ष से कम आयु के किशोर व बच्चों को प्रतिभाग का मौका दिया गया। मौके पर ही पंजीकरण कराकर प्रतियोगियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने देश भक्ति के गीत व कविताएं सुनाईं, जिसमें पहला पुरस्कार नैंसी दुबे को मिला। जबकि, दूसरे पर यशराज पाठक व तीसरे स्थान पर सौरभ गौतम रहे। इसके अलावा यशवंती कुमारी, गोविंद सिंह, शैरल, नीलेश अग्रवाल, विकास रायकवार, पल्लवी तिवारी, शिवम व रामजी गुप्ता सांत्वना पुरस्कार के हकदार रहे। निर्णायक मंडल में शास्त्रीय गीतकार समीर भालेराव व प्ले बैक सिंगर जमील कुरैशी शामिल रहे। प्रतिभागियों के सुरों को गिटार पर आलोक बेन, ढोलक पर पवन सिंह, ओक्टापैड पर प्रदीप राज शर्मा एवं की-बोर्ड पर राजू गोलवलकर ने संगत दी।
जबकि, इससे पूर्व कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ कार्यक्रम के सहयोगी गरौठा के पूर्व बसपा विधायक बृजेंद्र व्यास (डमडम व्यास), भारतीय युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राहुल राय, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव व प्रगति सोशल डेवलपमेंट सोसायटी के अध्यक्ष राहुल रिछारिया, जिला साहू समाज के अध्यक्ष व जिला सहकारी विकास संघ के चेयरमैन हरभजन साहू तथा बहुजन समाज पार्टी के मंडल कोऑर्डिनेटर अवधेश विश्वकर्मा ने किया। तदुपरांत, उन्होंने पिंजरों में कैद दर्जनों तोतों को आजाद कर आजादी का जश्न मनाया। कार्यक्रम के दौरान तिरंगे के रंग में रंगे गुब्बारे हवा में उड़ाए गए। बच्चों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ जमा रही।
इस मौके पर प्रगति सोशल डेवलपमेंट सोसायटी के प्रदेश सचिव चौधरी माबूद, दिनेश भार्गव, संतराम पेंटर, रवीश त्रिपाठी, मुकेश सिंघल, डॉ. विक्रम आनंद आदि मौजूद रहे।