झांसी। पुलिस अभिरक्षा से झांसी कचहरी और उरई रेलवे स्टेशन से भागे कैदियों
पर जिला पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। तलाश
में जुटी पुलिस टीमों ने फरार कैदियों के कुछ सगे संबंधियों को पूछताछ के
लिए हिरासत में लिया है। बावजूद अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
उल्लेखनीय
है कि सात सितंबर को झांसी जेल में निरुद्ध कैदी अंकित मिश्रा पुत्र
रामरतन मिश्रा निवासी कोतवाली दतिया की स्पेशल जज एंटी डकैती और जालौन के
एट थानांतर्गत गांव डकौर निवासी सलीम शाह की उरई कोर्ट में पेशी थी। झांसी
कचहरी की हवालात से आरक्षी जगत पाल हथकड़ी डालकर अंकित मिश्रा को पेशी पर
कोर्ट ले गया। कोर्ट का समय खत्म होने के बाद जब वह नहीं लौटे तो उनको
तलाशा गया मगर कोई जानकारी नहीं मिली। कुछ देर बाद अंकित मिश्रा के हथकड़ी
खोलकर भाग जाने की सूचना मिली।
वहीं, गांव डकौर निवासी सलीम शाह को कोर्ट
में पेशी कराने के बाद आरक्षी वेदप्रकाश, रज्जन लाल व तेजप्रताप उसे उरई
स्टेशन लेकर पहुंचे। तीनों आरक्षी छपरा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे, तभी
मौका पाकर सलीम हथकड़ी समेत भाग गया। तभी से तीनों सिपाही भी सरकारी
हथकड़ी व रायफल लेकर नदारद हैं।
दोनों फरार कैदियों की तलाश में पुलिस
की कई टीमें लगी हुई हैं, मगर अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। सूत्र
बताते हैं कि दोनों कैदियों के सगे संबंधियों को पूछताछ के लिए हिरासत में
लिया जा चुका है। वहीं, फरार कैदियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर एसएसपी
झांसी ने पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।
सरकारी रायफल व हथकड़ी लेकर गायब हैं तीनों सिपाही
कैदी
सलीम शाह के फरार होने के बाद से तीनों आरक्षी हथकड़ी और रायफल समेत गायब
हैं। इस मामले की प्रतिसार निरीक्षक लल्लन सिंह ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट
दर्ज करवा दी है। उन्होंने कहा है कि कैदी सलीम शाह के भाग जाने के बाद से
तीनों पुलिस कर्मी सरकारी हथकड़ी व रायफल लेकर अभी तक वापस नहीं आए हैं।
वहीं, एसएसपी ने तीनों सिपाहियों को निलंबित करने का आदेश दिया है।