अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। गर्मियों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन पांच जोड़ी नई समर स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। यह सभी गाड़ियां झांसी स्टेशन से होकर गुजरेंगी। इनके संचालन से ऋषिकेश, प्रयागराज, हुबली,गोरखपुर आदि जाने वाले यात्रियों को आसानी होगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से गोरखपुर (01109/01110) के बीच समर ट्रेन चलाई जाएगी। मुंबई से यह ट्रेन 28 अप्रैल से रवाना होगी। यहां से नासिक, भुसावल, इटारसी, भोपाल के रास्ते झांसी पहुंचेगी। इसके बाद लखनऊ से होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी। इसी तरह 30 अप्रैल से गोरखपुर से इसका संचालन होगा। इन्हीं रास्तों से यह ट्रेन झांसी होते हुए मुंबई जाएगी।
इंदौर से हवाड़ा के बीच गाड़ी संख्या (09335/09336) चलाई जाएगी। यह गाड़ी 29 अप्रैल से इंदौर से चलेगी। यहां से झांसी, कानपुर, प्रयागराज, बनारस के रास्ते हावड़ा जाएगी। इस ट्रेन को देवास, उज्जैन, विदिशा, बीना में भी ठहराव दिया गया। एक जोड़ी समर स्पेशल ट्रेन (09043/09044) का भी संचालन होगा। यह गाड़ी आगरा, टूंडला के रास्ते से चलेगी।
गाड़ी संख्या (091015/ 09016) को उधना से भागलपुर के बीच चलाया जाएगा। यह ट्रेन झांसी के रास्ते से होकर जाएगी। हुबली और योगनगरी ऋषिकेश के लिए विशेष ट्रेन (06225/ 06226) चलाई जाएगी। यह ट्रेन झांसी से होते हुए निजामुद्दीन, देवबंद, रुड़की, हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश जाएगी। इन ट्रेनों में शयनयान समेत एसी कोच भी लगाए गए हैं।