झांसी। तेल चोरी करने के लिए सीपरी बाजार थानांतर्गत करारी के पास स्थित
आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल के डिपो में घुसे बदमाशों को सुरक्षा गार्ड ने
फायरिंग कर खदेड़ दिया।
आईओसी के डिपो मैनेजर संतोष, एचपीसीएल के ओपी
सवरवाल और बीपीसीएल के भूपेंद्र ने बताया कि बुधवार की रात पेट्रोल लेकर
मालगाड़ी आई थी। डिपो में पेट्रोल निकाला जा रहा था, तभी बाउंड्री फांदकर
अंदर करीब आधा दर्जन लोग घुस आए। यह लोग पेट्रोल चोरी करने के लिए टैंकर के
ऊपर चढ़ गए।
इन्हें टैंकर पर चढ़ा देख कर सिक्योरिटी गार्ड ने ललकारा। इस
बीच अन्य गार्ड भी वहां पहुंच गए। सिक्योरिटी गार्ड ने बदमाशों को भगाने के
लिए बंदूक से तीन गोलियां चलाईं। गोलियां चलने पर बदमाश भाग निकले।
पेट्रोलियम कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि 14 नवंबर 2014 को भी बदमाश
बाउंड्री पार करके डिपो में घुस आए थे। उन्होंने डिपो में पुलिस सुरक्षा की
मांग की है।