झांसी। त्योहार पर ट्रेनों में भीड़-भाड़ को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए राजकीय रेलवे पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। दीपावली पर ट्रेनों में विस्फोटक सामग्री या पटाखा आदि ले जाने पर रोक लगाने के साथ ही अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा। प्लेटफार्म पर फोर्स के अलावा ट्रेनों में स्कॉट बढ़ाई जाएगी। ड्यूटी पर तैनात स्कॉट कर्मियों की क्रॉस चेकिंग के लिए कंट्रोल रूम से वीडियो कॉलिंग के साथ नाइट अफसर फोन के जरिये लोकेशन ट्रेस करेंगे।
दुर्गा पूजा, दशहरा व दीपावली के मौकों पर ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। एसपी रेलवे विपुल कुमार श्रीवास्तव ने प्लेटफार्म से लेकर ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखने के लिए ड्यूटी लगाई है। आरपीएफ के साथ समन्वय बनाकर प्लेटफार्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया में लगातार चेकिंग कराई जाएगी।
रेलवे एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दशहरा-दीपावली पर ट्रेनों के जरिये विस्फोटक सामग्री/पटाखा के परिवहन पर पाबंदी रहेगी। ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए अराजक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों की क्रॉस चेकिंग कराई जाएगी।