झांसी। रेल मंडल के चौरा स्टेशन के निकट मंगलवार की सुबह कानपुर से झांसी आ रही पैसेंजर ट्रेन के इंजन में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। सहमे कुछ यात्री ट्रेन से कूद कर पटरियों के पास खड़े हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। घटना के कारण करीब दो घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा।
मंगलवार की सुबह छह बजे कानपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 54158 अप कानपुर झांसी पैसेंजर ट्रैक पर दौड़ रही थी। सुबह करीब 9.30 बजे चौरा स्टेशन के निकट स्थित बहिलपुर गांव के नजदीक बनी क्रॉसिंग संख्या 197 के पास ट्रेन के इंजन में तकनीकी कारणों से आग लग गई। आग को देख चालक ओमप्रकाश घबरा गए और ट्रेन को मौके पर रोकने के बाद झांसी कंट्रोल को सूचना दी। इधर, आग की खबर जब यात्रियों को हुई, तो अफरातफरी मच गई। अधिकांश यात्री ट्रेन से उतरकर पटरियों के निकट खड़े हो गए।
इस दौरान पीछे आ रही गाड़ी संख्या 12173 अप उद्योग नगरी एक्सप्रेस को पुखरायां स्टेशन पर रोक दिया गया। सूचना पर पहुंची क्षेत्र की फायर ब्रिगेड ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया। बाद में उद्योग नगरी एक्सप्रेस का इंजन निकालकर पैसेंजर ट्रेन से जोड़ा गया। इसके बाद पैसेंजर को खींचकर चौरा स्टेशन पर लाया गया। तदुपरांत पैसेंजर से दोबारा इंजन को निकालकर पुखरायां स्टेशन पर खड़ी उद्योग नगरी एक्सप्रेस से लगाया गया। इसके बाद उद्योग नगरी एक्सप्रेस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इस घटना के कारण उद्योग नगरी एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से झांसी आ सकी। वहीं, नया इंजन लगाने के बाद पैसेंजर को आगे बढ़ाया गया। घटना के चलते चार घंटे विलंब से पैसेंजर ट्रेन शाम को साढ़े चार बजे झांसी आ सकी। इस दौरान यात्रियों का बुरा हाल रहा। डीआरएम एसके अग्रवाल ने आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।