रानीपुर। नवीन सब्जी मंडी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां बनी एक धागा की दुकान से लोगों ने धुआं निकलते देखा। लोगों को समझते देर न लगी की धागा की दुकान में आग लग गई। आनन-फानन में लोगों ने दुकान मालिक मनोज गुप्ता उर्फ पिल्लू सेठ को खबर दी। माजरा देख आसपास के तमाम लोग भी मौके पर जा पहुंचे तथा आग बुझाने का प्रयास करने लगे लेकिन धुआं से निकलने वाली गंध के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया और वह दुकान तक न पहुंच सके। तब लोगों ने पीछे से दुकान की दीवार को तोड़ा तथा पानी डाला।
सूचना पाकर चौकी प्रभारी निखिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पाकर फायरब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पा लिया। जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। जहां आग लगी है वहां अन्य दुकानों में भी धागा भरा था, मगर पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दुकान पूरी तरह सुरक्षित थी। दुकान में कोई भी खिड़की, रोशनदान, लाइट भी नहीं थी। जिससे कयास लगाया जा रहा है कि उक्त कारनामा किसी अराजकतत्व का हो सकता है।