फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: प्लेटफार्म स्थित फूड प्लाजा के बेस किचन में आग, अफरा-तफरी

Sun, 26 Jul 2026 02:40 AM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झांसी
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक स्थित एमएस एक्सप्रेस फूड प्लाजा के बेस किचन में शनिवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने पहले अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बढ़ने पर दमकल को सूचना दी गई। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, आईआरसीटीसी की ओर से संचालित एमएस एक्सप्रेस फूड प्लाजा में सुबह करीब सात बजे खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान गैस भट्ठी पर रखी दाल में तड़का लगाते समय चिमनी में आग लग गई। देखते ही देखते धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास किया और एहतियातन बेस किचन में रखे गैस सिलिंडरों को बाहर निकाल दिया। सूचना मिलने पर रेलवे के डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डीएसएस) और हेड टीटीई मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
विज्ञापन

आग लगने के कारण को लेकर अलग-अलग शुरुआती जानकारियां सामने आई हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकिशोर राय ने प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया है, जबकि रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार आग गैस भट्ठी के ऊपर लगी चिमनी में लगी थी। वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।
रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जूनियर ग्रेड के तीन रेल अधिकारियों की समिति पूरे मामले की जांच कर रही है।

बड़ा हादसा बचा, सुरक्षित रहा आईआरसीटीसी कार्यालय
फूड प्लाजा के बेस किचन के ठीक ऊपर आईआरसीटीसी का कार्यालय स्थित है और वहां जाने का रास्ता भी बेस किचन से होकर गुजरता है। यदि आग समय रहते नहीं बुझती, तो कार्यालय तक फैल सकती थी और वहां रखे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नुकसान पहुंच सकता था। हालांकि घटना सुबह कार्यालय खुलने से पहले हुई, इसलिए उस समय कोई कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था।

फूड प्लाजा के बेस किचन में लगी आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। घटना की जांच के लिए जूनियर ग्रेड के तीन रेल अधिकारियों की समिति गठित कर दी गई है, जो सभी पहलुओं की जांच कर रही है। - शिवम शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें