सोरांव। जाति छिपाकर जमीन बेचने और फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। विक्रेता ने क्रेता के बजाय अपना नाम जमीन पर दर्ज करा लिया। भुक्तभोगी भूमि खरीदार ने सोरांव थाने में आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
झांसी के सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक बृजराज सिंह के बेटे अंशुमान सिंह ने यह जमीन खरीदी थी। उन्होंने सोरांव तहसील के हथिगवां नवाबगंज में हरताली और उनकी मां रामकली से प्लॉट लिया था।
यह खरीद 11 लाख रुपये में 18 जून वर्ष 2014 को हुई थी। अंशुमान सिंह ने बैनामा के बाद दाखिल खारिज की प्रक्रिया पूरी की। बाद में मई 2026 में उन्हें पता चला कि जमीन पर उनका नाम दर्ज नहीं हुआ है। विक्रेता हरताली ने अपनी जाति छिपाकर बैनामा किया था। हरताली ने अपनी मां रामकली से वसीयत कराकर फर्जी कागजात से जमीन अपने नाम करा ली।
अंशुमान सिंह और उनके पिता बृजराज सिंह ने हरताली से कई बार बातचीत की। उन्होंने मामले को सुलझाने का प्रयास किया, पर आरोपी ने हीलाहवाली की। परेशान अंशुमान सिंह ने शुक्रवार को सोरांव थाने में तहरीर दी। हरताली के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोरांव सहायक पुलिस आयुक्त श्याम जीत पर्मिला ने बताया कि मामले की जांच शुरू हो गई है।