मऊरानीपुर। नगर पालिका परिषद के तहत आने वाले पुरानीमऊ शिवगंज वार्ड नंबर 2 के निवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इस कारण स्थानीय लोगों व राहगीरों को परेशानी हो रही है।
नालियां कचरे और गंदगी से पटी हैं व गंदा पानी मुख्य रास्ते में जमा हो रहा है। इसी रास्ते से होकर लोग मंदिर पूजा करने जाते हैं। सड़क पर फैले इस बदबूदार और गंदगी से भरे पानी से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। लोग पवित्र मन से मंदिर के लिए निकलते हैं, लेकिन रास्ते की गंदगी से वह अशुद्ध हो जाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। मोहल्ले के जितेंद्र साहू, हरीराम साहू, महेंद्र साहू, धर्मेंद्र साहू आदि ने नगर पालिका प्रशासन व उच्चाधिकारियों से मांग की है कि नालियों की नियमित रूप से सफाई कराई जाए, ताकि लोगों को इस गंदगी व जलभराव की समस्या से स्थाई रूप से मुक्ति मिल सके। संवाद