झांसी। मेडिकल कालेज बाईपास स्थित एक होटल पर बीयर पीने से रोकने पर मेडिकल कालेज के जूनियर डाक्टरों और होटल कर्मियों के बीच संघर्ष हो गया। पथराव और फायरिंग भी हुई। सूचना मिलने पर एसपी सिटी कई थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे तब कहीं जाकर हालात पर काबू पाया जा सका। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी थी।
रात करीब साढ़े आठ बजे चार डाक्टर एक युवती के साथ होटल पर पहुंचे। वहां वह होटल के बाहर लगे छाता के नीचे बैठ कर बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद वह बीयर निकाल कर पीने लगे। इस पर वेटर ने उन्हें टोकते हुए बीयर पीने से रोक दिया। डाक्टरों के दबाव डालने पर वेटर ने होटल के पीछे बैठने के लिए कह दिया।
बताए स्थान पर डाक्टर बैठकर बीयर पीने लगे, तभी एक डाक्टर युवती से बातचीत करते हुए होटल के पीछे चला गया। वेटर ने यह जानकारी होटल मैनेजर को दी। वेटर के साथ आए मैनेजर ने जब टोका तो ताव में आकर डाक्टर ने वेटर को चांटा मार दिया। इस पर होटल कर्मियों को गुस्सा फूट गया और उन्होंने चारों डाक्टरों की पिटाई कर दी। डाक्टरों द्वारा अपने साथियों को सूचना देने पर मेडिकल कालेज से काफी संख्या में जूनियर डाक्टर होटल पर पहुंच गए।
उन्होंने मारपीट करते हुए होटल पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। हंगामा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने होटल कर्मियों के साथ मिल कर डाक्टरों से मारपीट कर दी। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई। संघर्ष की सूचना पर एसपी सिटी फोर्स और मेडिकल कालेज के प्राचार्य अधीनस्थों के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत किया।
एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना है कि होटल पर दोनों पक्षों में मारपीट की घटना तो हुई मगर फायरिंग नहीं हुई। उन्होंने बताया कि तहरीर आने पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई करेगी।