संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। खेतों में पलेवा होने के बाद रबी की बोहनी करने के लिए किसान खाद के इंतजार में सहकारी समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समितियों पर खाद उपलब्ध न होने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। मंगलवार को साधन सहकारी समिति रेवन पर खाद वितरण में देरी और अव्यवस्थाओं से नाराज महिला-पुरुष किसानों ने मऊरानीपुर-गुरसराय मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक लगे जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
साधन सहकारी समिति रेवन पर शनिवार को खाद की खेप पहुंच चुकी थी, लेकिन उसका वितरण मंगलवार को किया गया। खाद मिलने की उम्मीद में बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही समिति पहुंच गए, लेकिन वहां ताला बंद मिला। किसान घंटों तक समिति का ताला खुलने का इंतजार करते रहे। दोपहर में समिति कर्मचारी पहुंचे, लेकिन किसानों की भारी भीड़ देखकर बिना कुछ बताए वापस चले गए। इससे किसानों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इसी दौरान वहां से निकली एंबुलेंस को किसानों ने रास्ता देकर निकलने दिया।
जाम की सूचना पर थानाध्यक्ष पवन जायसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाया। खाद वितरण का आश्वासन मिलने के बाद किसान शांत हुए और करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
इसके बाद तहसील मऊरानीपुर से पहुंचे राजस्व विभाग के लेखपालों की टीम और पुलिस की मौजूदगी में टोकन व्यवस्था के तहत खाद का वितरण कराया गया। हालांकि किसानों की संख्या अधिक होने के कारण अधिकांश किसानों को बिना खाद लिए ही वापस लौटना पड़ा।
खाद की किल्लत और वितरण में अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों में समिति कर्मचारियों के प्रति भारी आक्रोश है। किसानों का कहना है कि रबी की बोहनी का समय लगातार निकलता जा रहा है, लेकिन उन्हें समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों ने समिति कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।