संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। ग्राम पंचायत वीरा में सोमवार को उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस ने किसान पंचायत का आयोजन किया। इसमें बारिश से खराब खरीफ फसलों, गिरे मकानों और ऋण वसूली पर किसानों का गुस्सा फूटा। किसानों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी।
यूपी किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार ने कहा कि क्षेत्र का किसान प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है। किसानों ने जेवर गिरवी रखकर और कर्ज लेकर बोआई की थी, पर बारिश ने सब बर्बाद कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी से सरकारी ऋण वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही, बर्बाद फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा व बीमा दावा दिलाने को कहा। किसानों ने संपूर्ण सरकारी कर्ज माफ करने की भी मांग उठाई। चेतावनी दी गई कि राहत न मिलने पर तहसील प्रशासन का घेराव कर बड़ा आंदोलन होगा।
इसके अलावा किसानों ने कहा कि फसलें नष्ट होने के बावजूद कोई सर्वे करने नहीं पहुंचा। सैकड़ों लोग रोजी-रोटी के लिए पलायन कर चुके हैं, जिससे गांव में बुजुर्ग व बच्चे ही बचे हैं। लगभग 20 किसानों के कच्चे मकान बारिश से गिर गए हैं, पर उन्हें कोई राहत नहीं मिली। बिजली विभाग और बैंक वसूली के लिए लगातार सूचनाएं भेजकर दबाव बना रहे हैं।
इस मौके पर ग्राम प्रधान देवेंद्र खरे, बलराम प्रजापति, संजय सिंह, नरेंद्र कुमार, सुनील कुमार, अच्छेलाल, अरविंद कुमार, गंगा प्रसाद, लल्लू, गणेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।