टोड़ी फतेहपुर। साधन सहकारी समिति दुगारा पर शनिवार को यूरिया के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए। यहां कतार में लगीं दो महिलाओं के बेहोश होने पर किसानों ने मऊरानीपुर-गुरसराय सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों ने समिति सचिव पर तमाम आरोप लगाए। बाद में एसडीएम और पुलिस के आश्वासन पर किसान माने।
बताया गया कि किसानों के समिति पहुंचने पर सचिव ने थाना टोड़ी फतेहपुर से टोकन लाने के लिए कहा। इस पर किसान सात किमी दूर थाना टोड़ी फतेहपुर पहुंचे, जहां कुछ टोकनों का वितरण किया गया। इसी दौरान एसडीएम टहरौली ने वहां पहुंचकर साधन सहकारी समिति दुगारा पर ही टोकन वितरित कराने की बात कही तो किसान फिर समिति दुगारा आ गए। समिति पर किसानों की लम्बी कतारें लगवाई गईं। काफी देर तक कतार में खड़े रहने से रामश्री निवासी ग्राम महेवा एवं रामवती निवासी सग्राम बगरौनी बेहोश होकर गिर पड़ीं। किसानों ने उनके चेहरे पर पानी छिड़का, तब उन्हें होश आया।
महिलाओं के बेहोश होने से किसानों की भीड़ उग्र हो गई और मऊरानीपुर-गुरसराय सड़क मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों ने साधन सहकारी समिति सचिव पर आरोप लगाते हुए कहा कि सचिव चहेतों को मन मुताबिक यूरिया दे रहे हैं। बताया कि सचिव ने डीएपी वितरण में भी इसी तरह की मनमानी की थी। किसान क्रेडिट कार्ड वाले किसानों को भी सचिव खाद नही दे रहे हैं। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी टहरौली अजय कुमार ने समिति सचिव को फटकार लगाते हुए पारदर्शिता के साथ यूरिया वितरण के निर्देश दिए और सुधार न लाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। शनिवार को भी कुछ किसानों को सीमित मात्रा में ही यूरिया मिल सकी, बाकी निराश लौट गए।