गुरसरांय क्षेत्र में लगातार हो रही झमाझम बारिश से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। गुरसरांय क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में तेज बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे खेतों में जलभराव की स्थिति बनने लगी है।
विज्ञापन
खासकर धान, उड़द और तिल्ली जैसी खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके किसानों को अब फसल खराब होने की आशंका सताने लगी है। कुछ खेतों में पानी भर जाने से बीज सड़ने और अंकुरण प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
ग्राम पंचायतों के किसान जगराम सिंह अस्ता, सूरज माते, खिरिया, गजेंद्र पालीवाल, लल्लन माते मातवाना, दीपू अस्ता, संजय खरे सडसेड़ा, संतोष देवपुरिया, रानू महराज भड़ोकर, आदि ने बताया कि यदि बारिश का यही सिलसिला दो-तीन दिन और चलता रहा, तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से खेतों की स्थिति पर निगरानी और मदद की मांग की है।