झांसी के रक्सा टोल प्जाजा पर किसानों के अंदोलन के तहत पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। अमर उजाला
झांसी /ललितपुर। कृषि कानून को लेकर किसान और सरकार के बीच जारी गतिरोध के बीच टोल नाकों पर किसानों से टोल टैक्स न वसूले जाने की मांग को लेकर शनिवार को ललितपुर के विद्याखेत टोल प्लाजा पर किसानों ने प्रदर्शन किया। हालांकि, पुलिस का कड़ा पहरा होने की वजह से वे जाम नहीं लगा पाए। किसानों के आंदोलन को देखते हुए दोनों जिलों के सभी आधा दर्जन टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस तैनात रही।
किसान संगठन बुंदेलखंड किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले ललितपुर के विद्याखेत टोल प्लाजा पर दर्जनों की संख्या में किसान जमा हुए। यहां पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि कृषि कानून के खिलाफ कई दिनों से किसान धरने पर बैठे हुए हैं, लेकिन सरकार सुन नहीं रही है। इससे पूरे देश का किसान अपमानित महसूस कर रहा है। इस दौरान किसानों ने टोल प्लाजा पर कृषि बिल संशोधन और टोल टैक्स फ्री किए जाने को लेकर जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष विश्वनाथ यादव, विजय कुशवाहा, खुशीलाल कुशवाहा, विकास सोनी, निशांत निगम, अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, जितेंद्र सिंह यादव, दीपक जैन, मुलायम सिंह, चित्तर सिंह, हरीराम अहिरवार, दीपचंद राजपूत, पूरन सहरिया, गमपू सहरिया, शिवलाल प्रजापति, हाकिम सिंह, नरेश पाठक आदि आदि मौजूद रहे। वहीं, सेमरी टोल प्लाजा पर भी किसानों ने प्रदर्शन कर कृषि कानून वापस लिए जाने की मांग की।
किसान आंदोलन के मद्देनजर शुक्रवार को सुबह से ही एट, दतिया के डगरई, शिवपुरी रोड के सिकंदरा व ललितपुर रोड के दोनों टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। अधिकारी भी हर गतिविधि का जायजा लेते रहे। यातायात सुचारु रूप से जारी रहा।