झांसी। विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को बुंदेलखंड किसान मोर्चा ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने चौदह सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा के नेतृत्व में किसान सुबह कलेक्ट्रेट में जमा हुए इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की। हालांकि, परिसर में मौजूद पुलिस बल ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की, परंतु वह अड़े रहे। इस दौरान किसानों की पुलिस से नोक झोंक भी हुई। मौके पर किसानों से एसडीएम व नगर मजिस्ट्रेट ज्ञापन लेने पहुंचे, परंतु किसान जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के लिए अड़ गए।
तदुपरांत, जिलाधिकारी ने किसानों के बीच पहुंचकर ज्ञापन लिया। किसानों ने ज्ञापन में पुनर्वास किसानों के पट्टे, कब्जे व दाखिल खारिज की समस्याओं का निराकरण करने, पुनर्वास किसानों को भूमिधर बनाने व दैवी आपदा राहत राशि देने, पशुओं के लिए चारा बैंक स्थापित करने, खाद्य सुरक्षा अधिनियम में शत प्रतिशत किसानों को चयनित करने, एक-एकड़ जमीन का मुआवजा पच्चीस हजार रुपये देने आदि की मांग की। किसानों ने राहत राशि देने में किसानों के उत्पीड़न का भी आरोप लगाया।
जूते उठाकर विरोध जताया
झांसी। किसानों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ग्रामीण के कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हाथ में जूते उठाकर विरोध जताया व जमकर नारेबाजी की। कार्यालय में अधिकारियों के न होने से आक्रोशित किसानों ने तालाबंदी की भी कोशिश की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
प्राथमिकता से दें सूखा राहत राशि
झांसी। सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में सीमांत /लघु किसानों को प्राथमिकता से सूखा राहत राशि देने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने बताया कि किसानों को ओलावृष्टि /अतिवृष्टि का भी अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है।