झांसी। गुढ़ा गांव निवासी एक किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि फसल खराब होने के बाद से वह परेशान चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना रक्सा क्षेत्र स्थित गुढ़ा गांव निवासी घनश्याम वंशकार (45) किसानी करते थे। शुक्रवार को पत्नी काम पर गई थी, तभी उन्होंने कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने डेढ़ एकड़ जमीन पर उर्द की फसल बोई थी। पानी न मिलने के कारण फसल खराब हो जाने के बाद से वह परेशान थे। इसके अलावा, वह बीमार भी चल रहे थे। जिसके चलते उन्होंने फांसी लगाकर जान दे दी। रक्सा थानाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।