ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को दो दिन में राहत राशि बांटने के निर्देश के बाद भी अभी तक पैसा नहीं बांटा जा सका है, जबकि दस दिन का समय बीत गया। अभी तक आधे किसानों को ही राहत राशि बांटी जा सकी है।
ओलावृष्टि से मऊरानीपुर तहसील के 21 गांव और गरौठा तहसील के चार गांवों में 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ था। सर्वे के दौरान 7.50 करोड़ रुपये का आकलन किया गया था। प्रदेश के राहत आयुक्त ने तत्काल पैसा जारी कर दिया था। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि दो दिन में सभी किसानों को पैसा बांट दिया जाए, लेकिन पैसा बांटने की रफ्तार इतनी धीमी है कि अब तक आधे किसानों को ही पैसा बांटा जा सका है। सर्वे के दौरान जिले में दो हेक्टेयर से कम जमीन वाले 12,117 किसान और दो हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले 985 किसान चिह्नित किए गए थे। किसानों के बैंक खाते में राहत राशि का पैसा भेजा जा रहा है। पैसा भेजने की प्रतिदिन की रिपोर्ट शासन को देने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलायुक्त कुमुदलता श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक दो हेक्टेयर जमीन वाले 5,011 किसानों को 3.19 करोड़ रुपये और दो हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले 818 किसानों को 1.79 करोड़ रुपये बांटा जा चुका है। कुल मिलाकर 4.98 करोड़ रुपये की राहत राशि बंट चुकी है। इसी तरह ललितपुर जिले में दो हेक्टेयर से कम जमीन वाले 12,486 किसान व दो हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले 3,338 किसान चिह्नित किए गए थे। इनमें से दो हेक्टेयर से कम जमीन वाले 38 गांवों के 9,668 किसानों को 9.70 करोड़ रुपये और दो हेक्टेयर से अधिक जमीन वाले 1,942 किसानों को 5.17 करोड़ रुपये बांटा जा चुका है।
एसडीएम पा चुके हैं प्रतिकूल प्रविष्टि
राहत राशि का पैसा बांटने की धीमी रफ्तार पर एसडीएम मऊरानीपुर बीके त्रिपाठी प्रतिकूल प्रविष्टि पा चुके हैं, लेकिन पैसा बांटने की रफ्तार जस की तस बनी हुई है।