farmar murder during guarding crops
- फोटो : DEHAT
मऊरानीपुर/सिजारी बम्हौरी। लहचूरा थानाक्षेत्र के ग्राम इटायल में बुधवार रात खेत की रखवाली कर रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव खेत में रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना की वजह आपसी रंजिश बताई गई है।
बल्देव सिंह पुत्र गनपत लोधी निवासी ग्राम इटायल ने थाना लहचूरा में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया बृहस्पतिवार को उसका भाई करन सिंह (32) खेत की रखवाली करने गया था। जिसके साथ मां अंगूरी देवी और रामप्रकाश पुत्र संतराम भी था, जो बगल में खेत की रखवाली कर रहा था। रात में ग्राम कोटरा निवासी जियालाल यादव पुत्र सज्जन अहीर, हरेंद्र शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा, नरेंद्र शर्मा पुत्र वीरेंद्र शर्मा, राजेश पुत्र छोटे शर्मा व इटायल निवासी राजेंद्र पुत्र सेवाराम दीपक पुत्र राजेंद्र लोधी, दीपेंद्र पुत्र लालदास लोधी पहुंचे। सभी ने उसकी मां अंगूरी देवी से मारपीट की और करन को उठा ले गए। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव खेत में रक्तरंजित अवस्था में पड़ा मिला। लहचूरा पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चिकित्सीय परीक्षण के दौरान मृतक की मां अंगूरी देवी ने बताया कि चार वर्ष पूर्व उसके पति का भी हत्या कर दी गई थी अब आरोपियों ने मेरे बेटे को भी मार दिया है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. ओपी सिंह व एएसपी राहुल मिठास ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल कर आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।