अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार आधी रात के बाद मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज की मौत से नाराज परिजन ने जमकर हंगामा किया। उनका आरोप था कि डायलिसिस के बाद मरीज को गलत इंजेक्शन लगा दिया गया। इसकी वजह से उसकी मौत हो गई। परिजन के हंगामे से सहमा मेडिकल स्टॉफ अस्पताल छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने किसी तरह नाराज परिजन को समझा-बुझाकर शांत कराया।
दतिया निवासी मोनू खान (32) को किडनी में समस्या होने पर परिजन रविवार को पिछोर रोड स्थित निजी अस्पताल में लेकर आए थे। डॉक्टर ने बताया कि किडनी में इंफेक्शन है। सोमवार को भी डायलिसिस हुआ। उसके बाद मोनू को इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बाद मोनू ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिजन बिफर उठे। डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जूनियर डॉक्टर और कंपाउंडर इलाज कर रहे थे। नवाबाद थाना प्रभारी संतोष अवस्थी के मुताबिक परिजन ने अब तक शिकायत नहीं की है।