पिछले एक महीने के दौरान दालों के दाम फिर से कम हुए हैं। थोक बाजार में इनकी कीमत पांच से आठ सौ रुपये प्रति क्विंटल तक कम हो गई है। दाल की पर्याप्त पैदावार और सरकार द्वारा आयात करवाने से बाजार में दाल का ठीक स्टॉक उपलब्ध है। इससे दिनों-दिन इनकी कीमत में कमी आ रही है। आने वाले दिनों में दालों के दाम और कम होने की संभावना है।
पिछले दो महीने से दालों की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। 14 जनवरी के बाद दालों की कीमतों में दो से तीन रुपये प्रतिकिलो कमी आई है। आटे की कीमत भी एक रुपये प्रतिकिलो कम हुई है। किराना कारोबारी राजेश बिरथरे ने बताया कि दाल और अन्य खाद्य सामग्री की कीमतें कम होेने से आम लोगों को राहत मिलती है। सरकार ने दालों का पर्याप्त आयात किया है और पैदावार भी अच्छी हुई है। इस कारण इनकी कीमतों में गिरावट आई है। पिछले दो सालों के सबसे न्यूनतम स्तर पर दालों की कीमतें आ गई हैं। थोक बाजार में प्रतिक्विंटल पांच सौ से आठ सौ रुपये कीमत कम हुई है। फुटकर बाजार में प्रतिकिलों दो से पांच रुपये तक कमी आई है।