अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लोकमान्य तिलक कन्या इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्राओं की रात में प्रयोगात्मक परीक्षा कराने पर विभाग का रुख सख्त है। इस मामले में प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया गया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की तैयारी है।
लोकमान्य तिलक कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को 12वीं कक्षा की संगीत की प्रयोगात्मक परीक्षा थी। इसमें शामिल होने के लिए छात्राएं सुबह सात बजे विद्यालय पहुंच गई थीं। परीक्षक रात आठ बजे विद्यालय पहुंचे, तब जाकर परीक्षा शुरू हो पाई थी। विद्यालय प्रबंधन 13 घंटे तक छात्राओं से परीक्षक का इंतजार कराता रहा। तमाम छात्राओं के अभिभावक भी विद्यालय पहुंच गए थे। उन्होंने इस स्थिति पर आक्रोश भी जाहिर किया था।
इसके अलावा, विद्यालय प्रबंधन की ओर से इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को देना जरूरी नहीं समझा था। कंट्रोल रूम में भी जानकारी नहीं दी गई थी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा ने प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया है। प्रधानाचार्य से देर से प्रायोगिक परीक्षा कराने का कारण पूछा है। वहीं, डीआईओएस की ओर से सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी पत्र भेजे गए हैं, जिसके जरिये उन्हें प्रायोगिक परीक्षा नियमानुसार तय समय में कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में किसी भी तरह के बदलाव की जानकारी कंट्रोल रूम को देने के भी निर्देश दिए गए हैं।