- जेडीए प्रशासन ने सभी अवर अभियंता को जांच कर नोटिस देने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पार्किंग के लिए बने बेसमेंट का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वाले प्रतिष्ठान झांसी विकास प्राधिकरण के राडार पर आ गए हैं। जेडीए प्रशासन ने सभी अवर अभियंता को ऐसे प्रतिष्ठानों को नोटिस देने के निर्देश दे दिए हैं।
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बेसमेंट बनाया जाता है। इसका इस्तेमाल पार्किंग के लिए होता है। मगर महानगर में कई होटल से लेकर नर्सिंगहोम तक में बने बेसमेंट का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि, वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। अब जेडीए प्रशासन ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। जेडीए प्रशासन ने सभी अवर अभियंता को पत्र लिखकर ऐसे प्रतिष्ठानों को चिह्नित करके नोटिस देने के निर्देश दे दिए हैं। बताया गया कि इलाइट चौराहा के आसपास कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के चलते यहां से नोटिस देने की कार्रवाई शुरू हो सकती है। वहीं, जेडीए सचिव उपमा पांडेय का कहना है कि बेसमेंट का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वाले प्रतिष्ठानों को लगातार नोटिस दिए जा रहे हैं।