फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi News: घर का ताला तोड़कर आठ लाख के आभूषण-नकदी चोरी

विज्ञापन
विज्ञापन
- गांव डेली हुई वारदात, जन्मदिन समारोह में गए थे परिवार के सदस्य
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। रक्सा थाना इलाके के गांव डेली में चोरों ने एक घर पर धावा बोल दिया। चोर घर का ताला तोड़कर यहां रखे तकरीबन आठ लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक जन्मदिन समारोह में हिस्सा लेने गए थे। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

डेली गांव निवासी मांगीलाल अहिरवार मकान बनाने का काम करते हैं। गांव में उनकी खेती भी है। बुधवार को वह शिवपुरी के पिछोर में साढ़ू के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में हिस्सा लेने गए थे। परिवार के सभी सदस्य शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे घर से निकले थे। रात तकरीबन ग्यारह बजे जन्मदिन समारोह से उनका बेटा घर पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे लगभग आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और पचास हजार रुपये गायब थे। सूचना पर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। मांगीलाल ने बताया कि उनके घर से चोरों ने लगभग आठ लाख रुपये का माल उड़ा दिया है। चोरों ने हथौड़े और सरिये की मदद से ताला तोड़ा। वहीं, रक्सा थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।
विज्ञापन

000000000
रोजगार सेवक व परिवार के लोगों के साथ मारपीट
झांसी। ग्राम दुर्गापुर निवासी रोजगार सेवक कमलेश ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने भाई विनोद, राजेश, भतीजे अभिषेक और पिता हरदास के साथ दुर्गापुर मौजा में स्थित अपने खेत पर काम कर रहा था। पिछले दिनों आई आंधी की वजह से खेत की बाड़ उखड़ गई थी। सभी मिलकर उसे दुरुस्त कर रहे थे। इसी दरम्यान पास के खेत के मालिक तीन सगे भाई रिकेश, विकेश और लालसिंह हाथों में लाठी-डंडे लेकर वहां आ पहुंचे। वे दोनों के खेत के बीच से निकले सरकारी रास्ते को लेकर विवाद करने लगे। इस दौरान उन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में उसे, भतीजे व भाई को चोट आ गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है। ब्यूरो
00000000
दो बाइक चोरी
झांसी। गुरसराय थाना इलाके के बंकापहाड़ी निवासी आनंद पाल ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि मेडिकल कॉलेज गेट नंबर दो के पास से चोर उसकी बाइक चोरी कर ले गए। वहीं, बड़ागांव गेट बाहर देव विहार कॉलोनी निवासी सुमित गोस्वामी ने नवाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि एक्सिस बैंक के बाहर से चोर उसकी बाइक चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। ब्यूरो
विज्ञापन

00000000
जुआ खेलते तीन पकड़े
झांसी। प्रेमनगर थाना पुलिस की टीम ने कुशवाहा मार्केट के पीछे मंदिर के पास से जुआ खेलने के आरोप में तीन लोगों को पकड़ा। पकड़े गए शुभम साहू, हरीराम अहिरवार व जगमोहन अहिरवार के पास से पुलिस ने लगभग डेढ़ हजार रुपये बरामद किए। तीनों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें