सखी के हनुमान मंदिर के बाहर बच्चों को पढ़ाते बृजेंद्र यादव। अमर उजाला
झांसी। सखी के हनुमान मंदिर के पास मलिन बस्ती में रहने वाले बच्चों को बुंदेलखंड अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान के इंजीनियरिंग छात्र पढ़ा रहे हैं। उनका उद्देश्य मेधावी बच्चों को नवोदय विद्यालय में कक्षा पांचवीं से प्रवेश दिलाना है। इसके लिए अप्रैल से वो कोछाभांवर में भी निशुल्क कोचिंग शुरू करेंगे।
बीआईईटी के छात्रों ने शक्ति एजूकेशन एवं वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा) बनाई है। इसके तहत कोरोना काल शुरू होने पर उन्होंने सखी के हनुमान मंदिर के पास मलिन बस्ती में रहने वाले लोगों को खाना बांटना शुरू किया। अनलॉक के बाद जब व्यवस्था पटरी पर शुरू हो गई तो सात महीने खाना बांटा गया। अब बीआईईटी के छात्रों ने इसी बस्ती में रहने वाले बच्चों को पढ़ाना शुरू कर दिया है। सेवा के अध्यक्ष अध्यक्ष बृजेश यादव, महासचिव अंकित बघेल, कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह नियमित दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक बच्चों को पढ़ाने जाते हैं। यहीं नहीं, बच्चों के लिए कॉपी, किताब और बैग की भी व्यवस्था वह स्वयं कर रहे हैं। इसके लिए बीआईईटी के शिक्षक भी आर्थिक मदद करते हैं। बृजेश के मुताबिक उनका उद्देश्य बच्चों को नवोदय स्कूल में कक्षा पांचवीं से प्रवेश दिलाना है।