- आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसराय। प्रताड़ना से तंग आकर मोहल्ला पाएगा निवासी इंद्रपाल (49) ने गले में फंदा कसकर जान दे दी। इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ गुरसराय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दरोगा पर इस मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शनिवार को परिजनों ने रामनगर रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस मामले में दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मोहल्ला पाएगा निवासी सुरेश कुमार ने गुरसराय थाने में तहरीर दी, जिसके जरिये बताया कि उनके छोटे भाई इंद्रपाल पर बरगांय अहीर निवासी रामनेश यादव का 18 लाख रुपये का कर्ज था। आरोप है कि आरोपी लगातार रुपये वापस करने का दबाव बना रहा था। आए दिन गाली-गलौज कर और धमकाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। 26 जून को भी आरोपी ने इंद्रपाल को धमकाया, जिससे वह तनाव में आ गया। इसी बीच उसने गले में फंदा कसकर जान दे दी। परिजनों का आरोप है कि लगातार दी जा रही मानसिक प्रताड़ना और कर्ज के दबाव के चलते इंद्रपाल ने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी रामनरेश यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, रात तकरीबन आठ बजे परिजनों ने रामनगर रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी की शिकायत करने वे एक दिन पहले थाने पहुंचे थे। थाने में तैनात दरोगा ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने जगह उन पर ही शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत पर कार्रवाई की गई होती तो इंद्रपाल आत्मघाती कदम नहीं उठाता। परिजन तकरीबन एक घंटे तक जाम लगाए रहे। मौके पर पहुंची सीओ पीयूषा पांडेय ने कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। सीओ ने बताया कि आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।