बिजली फिटिंग करने वाले ही निकले चोर
झांसी। नवाबाद थाना क्षेत्र के पिछोर में महाराणा प्रताप नगर निवासी फौजी के घर में बिजली की फिटिंग करने वाले दो मिस्त्रियों ने ही चोरी की थी। पुलिस ने उनको दो अन्य साथियों के साथ पकड़ लिया है। चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के पिछोर में महाराणा प्रताप नगर निवासी फौजी भानुप्रताप सिंह टेकनपुर में तैनात हैं। पिछले दिनों उनकी पत्नी भोपाल में बेटे-बहू के पास गई थीं। घर सूना था। इसी बीच 23 जुलाई को उनके सूने घर से बदमाश लाखों के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इसमें सोने की चूड़ियां, माथे की बेंदी, सोने की झुमकी, चांदी के जेवरात, इन्वर्टर, यूपीएस व दो सिलेंडर शामिल थे। रविवार को बजरंग चौकी प्रभारी मोहन लाल दीक्षित ने चोरी करने वाले चारों बदमाशों को पकड़ लिया है। उक्त माल भी बरामद कर लिया गया। आरोपियों के नाम जालौन के गोहन निवासी अनूप राजपूत, मोंठ थाना क्षेत्र के गांव सोजना व हाल महाराणा प्रताप नगर निवासी रोहित अहिरवार, दतिया के जिगना थाना क्षेत्र के गांव उदगवां निवासी उमेश वर्मा व जालौन के कोंच थाना क्षेत्र के पक्का तालाब के पास व हाल विश्वविद्यालय गेट पास कच्ची झोपड़ी निवासी चपटी उर्फ जयप्रकाश कुशवाहा है। पुलिस के अनुसार अनूप व रोहित ने कुछ दिन पहले ही फौजी के घर में बिजली की फिटिंग की थी। तभी उन्होंने चोरी का ताना बाना बुन लिया था। चोरी में उन्होंने जेल से छूटे जय प्रकाश व उमेश को भी शामिल कर लिया। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।