संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शुक्रवार शाम चली तेज आंधी और बारिश से विद्युत व्यवस्था लड़खड़ा गई। शहर में लगभग चार घंटे तो ग्रामीण क्षेत्र में 12 से 15 घंटे तक आपूर्ति ठप रही। जगह-जगह हाईटेंशन लाइन व एलटी लाइनों पर पेड़ गिरने से तार टूट गए तो कई स्थानों पर खंभे टूट गए। इससे कई फीडरों की बिजली दूसरे दिन दोपहर तक ठप रही।
आंधी से शहरी क्षेत्र सहित गांवों में जगह-जगह पेड़ गिरने से हाइटेंशन लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई जगह हाइटेंशन लाइनों के खंभे तक टूट गए। शहर में लाइन में फाल्ट होने से फीडर नंबर तीन व पांच की आपूर्ति ठप हो गई। मोहल्ला गोविंदनगर, नेहरूनगर, तालाबपुरा व घंटाघर तक की आपूर्ति प्रभावित रही। विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट खोजे, इसके बाद तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति शुरू कराई। लगभग साढ़े नौ बजे शहर की बिजली सप्लाई चालू की गई।
इसी प्रकार बाईपास विद्युत सब स्टेशन के अंतर्गत गल्ला मंडी बिजलीघर के मसौरा फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। इससे पूरी रात और शनिवार दोपहर तक आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान लोगों को समस्याओं से जूझना पड़ा। दोपहर बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकी। महरौनी, मड़ावरा, पाली, नाराहट, बालाबेहट, सौजना, गिरार सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी व तेज हवा ने बिजली की हालत बिगाड़ दी। कुछेक क्षेत्रों में तो बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई, लेकिन अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली रात भर गुल रही। इस कारण लोगों को गर्मी और मच्छरों के बीच रात गुजारने को मजबूर होना पड़ा। वहीं, शनिवार सुबह से ही लाइनमैन फाल्ट व टूटे तारों सहित बिजली लाइन पर टूटकर गिरे पेड़ों की डालियां हटाते रहे। इसके बाद दोपहर में बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
-
शुक्रवार को आंधी चलने से विद्युत लाइनें खराब हो गई थीं। इससे आपूर्ति प्रभावित रही। कर्मचारियों ने मरम्मत कर सभी जगह आपूर्ति चालू कर दी है।
- संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग