संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। वन विभाग ने आग की घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यापक रूपरेखा तैयार की है। आठों रेंजों पर कंट्रोल रूम का निर्माण किया गया है, इसे जनपद मुख्यालय के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। मड़ावरा रेंज के अंदर नेटवर्क की दिक्कत के कारण वहां फायर वाचरों की तैनाती की गई है।
गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी गौतम सिंह ने वन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने जंगली जानवरों के पानी पीने की व्यवस्था का जायजा लिया। बाउड़ी की सफाई करने के निर्देश दिए। चेकडैम व नालों में भी पानी व्यवस्था देखी। आग की घटनाओं पर नजर रखने के लिए सभी आठ रेंज मदनपुर, मड़ावरा, महरौनी, गौना, ललितपुर, जखौरा, माताटीला व तालबेहट में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। सभी रेंजों में सेटेलाइट के माध्यम से आग की घटनाओं पर नजर रखी जाएगी। जंगलों में गश्त के लिए भी दिन व रात में टीमों का गठन किया गया है।
-
मड़ावरा व मदनपुर रेंज में फायर वाचर की होगी तैनाती
मड़ावरा व मदनपुर रेंज में मोबाइल नेटवर्क नहीं आता है, इससे यहां आग लगने की घटनाओं की सूचना जल्दी नहीं पहुंच पाती। ऐसे में इन रेंजों में फायर वाचर की तैनाती करने का निर्णय लिया गया है। अलग-अलग प्वॉइंट पर ये वाचर तैनात किए जाएंगे। जैसे ही आग लगने की घटना होगी, वाचर दौड़कर नेटवर्क क्षेत्र से आकर इसकी सूचना देंगे।
-
जंगल में जानवरों के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था की जा रही है। आग की घटनाओं को रोकने के लिए जंगली इलाकों में रहने वाली आबादी को जागरूक किया जा रहा है। जिन जंगलों में नेटवर्क की सुविधा नहीं है, वहां फायर वाचर भी तैनात किए जाएंगे। सेटेलाइट से निरंतर नजर रखी जाएगी।
गौतम सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी।