झांसी। बिजली के बकाया बिलों की वसूली बढ़ाने के लिए बिजली विभाग सख्ती करने जा रहा है। अधीक्षण अभियंता के अनुसार अब एक महीने से ज्यादा बिल का बकाया होते ही उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया जाएगा। अभी तक सिर्फ उन्हीं बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे थे, जिन पर 10 हजार रुपये से ज्यादा राजस्व बकाया था।
अधीक्षण अभियंता राजकुमार ने बताया कि शासन से राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश हैं। जिसके चलते अब बकाया बिलों की वसूली सख्ती के साथ की जाएगी। उन्होंने बताया कि अब जल्द ही ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया जाएगा। जिनके ऊपर एक महीने से ज्यादा का बिल बकाया है। इसके साथ ही बिजली चोरी के मामलों की चेकिंग के अभियान में भी तेजी लाई जाएगी। अफसरों का कहना है कि गर्मियों में उपभोक्ता एसी, कूलर पंखा इत्यादि चलाते हैं। इस दौरान अन्य दिनों की अपेक्षा बिल ज्यादा आता है। इसके बाद वह बिल अदायगी करने में लापरवाही कर जाते हैं, जिसके चलते लगातार बिजली का बिल बढ़ता जाता है।