संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। भीषण गर्मी में रात 9 बजते ही कई इलाकों में ओवरलोड की समस्या से एबीसी (एरियल बंच्ड केबल) के जलने का दौर शुरू हो जा रहा है। इसके चलते, मंगलवार-बुधवार की रात कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। लोगों को रात जागकर गुजारनी पड़ी।
बीते एक सप्ताह से शहर में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है। सभी लोग परेशान हैं। देश के सबसे गर्म शहरों में झांसी शामिल हो गया है। इसका असर यह है कि लोग तो झुलस ही रहे है, सड़क और तार भी बुरी तरह से झुलस रहे हैं। बिजली सिस्टम पर जबरदस्त लोड बढ़ गया है। इसके चलते, पावर लाइनों पर वोल्टेज की समस्या बढ़ गई है।
नंदनपुरा क्षेत्र में मंगलवार की रात केबल जलने की समस्या आई तो सूरीपुरम व लक्ष्मीबाई तिराहा बाईपास पर 400-400 केवीए के दो ट्रांसफार्मर खराब हो गए। इससे क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना पर पहुंचे वर्कशॉप कर्मियों ने यहां ट्रांसफार्मर की जांच की। मौके पर ही सुधारकर उसे दुरुस्त करा लिया गया। इससे मुहल्लों की आपूर्ति में सुधार हो गया।
वहीं, सीपरी बाजार बिजलीघर पर 33 केवी लाइन पर जंपर उड़ गया। इससे पूरे बिजलीघर की आपूर्ति तड़के सुबह 3 से 5 बजे तक ठप रही। उपभोक्ता भीषण गर्मी में परेशान रहे। इसके अलावा, जेल चौराहा बिजलीघर से जुड़ी 33 केवी की लाइन दिन में दो बार ट्रिप हुई।
तीन दिन तक बाधित रही बिहारीपुरा क्षेत्र की बिजली
नंदनपुरा क्षेत्र में 400 केवीए के ट्रांसफार्मर फुंकने से क्षेत्र के बिहारीपुरा, विलेश्वरपुरा, महाराजपुरा और आसपास एरिया की बिजली सोमवार की रात खराब हो गई थी। पहले केबल में आग लगी और फिर 400 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। अगले दिन मंगलवार की रात ट्रांसफार्मर बदला गया और फॉल्ट सुधारे गए। रात 2:45 बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन एक फेस में बिजली आने से वोल्टेज की समस्या बनी रही। सूचना पर पहुंचे बिजलीकर्मियों ने इसमें सुधार कार्य कराया गया।
पावर लाइनों पर गहराई वोल्टेज की समस्या
लोड बढ़ने से पावर लाइनों पर वोल्टेज की समस्या गहरा गई है। स्थिति यह है कि 33 केवी की जगह 30 और 11 केवी लाइन पर 10 केवी वोल्टेज आ रहा है। इससे लाइनों में फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। स्थिति यह है कि लाइनों को सुधारने के लिए बिजलीकर्मी रात भर दौड़ रहे हैं। इसके बावजूद, फॉल्ट की समस्या कम नहीं हो रही है।
आज सुबह तीन घंटे बंद रहेगी सीपरी बाजार और बाजना इलाके की बिजली
नंदनपुरा उपकेंद्र पर डबल सर्किट का कार्य किया गया है। इस लाइन को नहर के पास क्रॉस किया जाना है। यह कार्य बृहस्पतिवार की सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। ऐसे में यहां से निकलने वाले दो बिजली घरों सीपरी बाजार और बाजना से जुड़े फीडरों की आपूर्ति तीन घंटे तक ठप रहेगी।
वर्जन -
लोड बढ़ने से शहर के फीडरों पर वोल्टेज की समस्या गहरा गई है। केबिलों में आग लगने के साथ ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं। सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। कोशिश की जा रही है कि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिले। - चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, झांसी