अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चिरगांव थाना अंतर्गत सिया गांव में शुक्रवार सुबह खेत में काम कर रही महिला को करंट लग गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन का आरोप है कि बिजली विभाग का तार खेत में टूटकर गिरा था। वहीं, एसडीओ ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के मुताबिक खेत में टूटकर गिरा तार विभाग का नहीं था। शनिवार को मौके पर जांच करने के बाद ही पुष्टि होगी।
परिजन ने बताया कि गांव सिया निवासी परशुराम की पत्नी बबली (42) सुबह खेत में काम करने गई थी जबकि परशुराम मजदूरी करने गया था। खेत पर काम करने के दौरान बिजली का तार टूटकर गिर पड़ा। इससे बबली करंट की चपेट में आ गई। आसपास खेत में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह से बिजली का तार हटाया। इसकी सूचना मिलते ही परिजन भी खेत पर पहुंच गए। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भतीजे हरीशंकर ने बताया कि खेत में बिजली विभाग का तार टूटकर गिरा था। वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ अक्षय कुमार ने बताया कि महिला की करंट से मौत होने की शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली थी। प्राथमिक जानकारी से पता चला है कि कोई सफेद तार खेत में टूटकर गिरा, जिससे उसकी मौत हुई है।