अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। परिवहन विभाग की वातानुकूलित इलेक्टि्रक बसें अप्रैल से झांसी-ललितपुर के बीच दौड़ेंगी। महाकुंभ में तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए खरीदी गई इलेक्टि्रक बसों में से करीब 10 झांसी को मिलेंगी। इन बसों के संचालन का विभाग ने रूट प्लान तैयार कर लिया है, जो बसें आने के बाद अनुमोदन के लिए उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।
झांसी से ललितपुर जाने वाले मार्ग पर कुछ हिस्सा मध्यप्रदेश का पड़ता है, इसलिए परिवहन विभाग यात्रियों की जरूरत के हिसाब से बसों का संचालन नहीं कर पाता है। इसकी वजह मध्यप्रदेश शासन से मांग के अनुसार परमिट नहीं मिलना है। इस वजह से लोगों को मजबूरन छोटे व्यावसायिक डग्गामार वाहनों से अधिक किराया देकर आवागमन करना पड़ता है। नियमानुसार इलेक्टि्रक बस चलाने के लिए परमिट की जरूरत नहीं होती है
0- ललितपुर में बन रहा चार्जिंग स्टेशन
परिवहन निगम ने ललितपुर में चार्जिंग स्टेशन लगाने की तैयारी शुरू कर दी, जहां बसों को चार्ज किया जाएगा। मार्च तक स्टेशन बनकर तैयार होने की उम्मीद है। अप्रैल से बसों के संचालन की उम्मीद है।
0-वर्जन
कुछ बसें झांसी-ललितपुर मार्ग पर छोटे बड़े कस्बाें के ग्रामीण यात्रियों को ध्यान में रखकर चलाई जाएंगी। इन बसों को चलाने के लिए मध्यप्रदेश से परमिट लेने की जरूरत नहीं होगी।
संतोष कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन विभाग