महानगर में ईद का बाजार गुलजार है। इफ्तार के बाद शाम को जमकर खरीदारी हो रही है। शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज के बाद बाजार में खरीदारों की भीड़ और बढ़ गई। सेंवई, लच्छा, दूधफेनी और कपड़े खरीदे जा रहे हैं।
मानिक चौक, बिसाती बाजार, गंधीगर का टपरा, राई का ताजिया, सैंयर गेट, ओरछा गेट क ी दुकानों पर अन्य दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को ज्यादा रौनक रही। शहर के अलावा गांव - देहात के लोगों ने भी बाजार में ईद को लेकर खरीददारी की। सेवई, हाथ लच्छा की कई वैरायटी ईद का खास व्यंजन बनने के लिए बिकी। रेडीमेड कपडों की दुकानों पर बच्चे मनपसंद कपडे़ के लिए पापा - मम्मी से मचलते दिखे। दुकानों पर भी सूट के कलर से मैच करती चूड़ियों और ज्वैलरी को महिलाएं पसंद करती रहीं।
दूधफेनी के बढे़ दाम
ईद नजदीक आने से सिंवई व दूध फैनी के दामों में एकाएक दस से 15 रुपये तक की वृद्धि हो गई है। व्हाइट व ब्राउन दूध फैनी अब 100 और 120 के दामों में है, जबकि कुछ दिन पहले 80 से 100 रुपये में बिक रही थी। दुकानदार मोहम्मद राशिद के अनुसार बाजार अभी मंदा है, लेकिन कल से तेजी आएगी और दाम भी यथावत रहेंगे। उनके अनुसार दूध फैनी के अलावा बाजार में पैकिंग में बनारसी सेंवई भी लोगों को पसंद आ रही है।
अफगानी नकाब और दोकली बुरका
बुरके में अंब्रेला फ्रॉक और उस पर सिल्वर, गोल्डन, कोक कलर ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। 150 डिजाइनों बुरके, नकाब और हिजाब उपलब्ध हैं। इनमें अफगानी नकाब, दो कली-तीन कली बुरका, आस्तीन वर्क में बुरका आकर्षण का केंद्र है। बुरका विक्रेता मंझले भइया के अनुसार महानगर के बाजार में हैदराबाद, भोपाल, दिल्ली से डिजाइन वाले बुरका आते है। भोपाल और हैदराबाद के बुरके ज्यादा पसंद किए जाते हैं। इस बार नकाब पर ऊपर से ओढ़ने के लिए नीले, महरून कलर में स्टॉल भी मार्केट में है, जिन पर गोल्डन जरी की शानदार नक्कासी है। बच्चियों के हिजाब 100 रुपये से, स्टाल 250 रुपये से, अंब्रेला फार्क बुरका 1150 रुपये से और सामान्य बुरका 1000 रुपये से प्रारंभ है।
इत्र से महका बाजारा
ईद को लेकर इत्र बाजार भी व्यस्त है। देशी इत्र 20 रुपये से 300 रुपये तक में है। इनमें चंपा, बेला, मैगनेट, गुलाब के देशी इत्र युवाओं की पसंद में भी शामिल है। हालांकि ब्रांडेड इत्र भी बाजार में अपनी जगह बनाए हुए है।
पंजाबी चूड़ियां
पिछले वर्ष की तरह पंजाबी चूड़ियों का सेट भी महिलाओं में खास जगह बनाए है। चूड़ी विक्रेता जानकी लाक्षाकार के अनुसार अधिकांश महिलाएं सूट कलर से मैच खाती चूड़ियां खरीदती है। ब्रांडेड चूड़ियों के अलावा फिरोजाबाद व अन्य जगहों से लाख की, मैटल की जरकन चूड़ी व कडे़ अपनी जगह बनाए है। कई महिलाएं मल्टीकलर सेट खरीद रही है। उनके अनुसार पंजाबी कड़ा 200 रुपये से, मल्टी कलर चूड़ी सेट 100 रुपये से, प्लेन चूड़ी सेट 50 रुपये की रेंज से प्रारंभ है।