झांसी। माहे रमजान की इबादत के बाद खुशियों का त्यौहार ईद को मनाया जाता है। ईद का दिन ऐसा होता है जब बच्चे, बूढ़े और नौजवानों के अलावा हर कोई खुशियों को मनाता है। मंगलवार को शहर में चांद की तस्दीक होते ही बुधवार को ईद के त्यौहार को मनाया जाएगा। ईद को देखते हुए देर रात तक बाजारों में लोगों ने खरीदारी की।
माहे रमजान में रोजेदार रोजे रखकर अल्लाह की इबादत करते हैं। मंगलवार को उन्तीस रोजे पूरे हुए। मगरिब की नमाज के बाद लोग मस्जिदों व घरों की छतों पर चढ़कर चांद देखने पहुंचे। बाद में बिसाती बाजार स्थित मस्जिद में हिलाल कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में चांद की तस्दीक होने पर बुधवार को शहर भर में ईद मनाए जाने का एलान किया गया। यह जानकारी होते ही लोगों ने एक दूसरे को बधाई दी। बैठक में मौलाना आमिल, मुफ्ती साबिर कासमी, मौलाना ऐजाज, मौलाना कामिल, हाफिज असद, मौलाना इदरीस, हाजी अब्दुल अजीज, सूफी नौशे मियां, मुसर्रत अली, हफीज उद्दीन, कारी मसीह, मौलाना खुर्शीद, हाफिज रियाज, हाफिज अशफाक, खलील बरकाती, सादिक बरकाती मौजूद रहे।
वहीं बुधवार को ईद मनाए जाने की जानकारी होते ही बाजारों में भी लोगों ने देर रात तक खरीदारी की। शहर के मानिक चौक, सीपरी बाजार के अलावा सदर बाजार में लोग रेडीमेड कपड़े, जूते-चप्पल व टोपियों की खरीदारी को उमड़ पडे़। वहीं महिलाओं ने भी देर रात तक श्रंगार का सामान खरीदा।
सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
ईद की नमाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने ईदगाह पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसपी सिटी श्री प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि थाना सीपरी बाजार, थाना सदर बाजार, थाना कोतवाली के अलावा थाना नबाबाद की पुलिस मौके पर रहेगी। चारों थानों की पुलिस को पच्चीस-पच्चीस अतिरिक्त आरक्षी मुहैया कराये गये हैं।
यातायात रहेगा परिवर्तित
ईदगाह में ईद की नमाज के चलते सुबह छह बजे से नमाज अदा होने तक ग्वालियर मार्ग से बीकेडी तक यातायात परिवर्तित रहेगा। इसके अलावा नमाज के दौरान मेडिकल, हंसारी, रिसाला चुंगी, सैयर गेट का यातायात भी बदला जाएगा।
हर मस्जिद पर तैनात होगे सुरक्षा कर्मी
ईद की नमाज ईदगाह के अलावा शहर भर की मस्जिदों में अदा की जाती है। ईद की नमाज के चलते पुलिस प्रशासन ने शहर भर की मस्जिदों में दो दो सिपाहियों के साथ दो- दो होमगार्ड के जवानों को भी तैनात किया है।