- नगर निगम की ओर से निकाली गई निविदा में किसी ने नहीं लिया हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। आतिया ताल से थापकबाग तक नाला निर्माण की कवायद एक साल से चल रही है। इसे फिर झटका लगा है। क्योंकि, नगर निगम की ओर से निकाली गई निविदा में किसी ने भी हिस्सा नहीं लिया है। अब करीब तीन किलोमीटर लंबे नाले की दोबारा निविदा निकाली गई है।
मेहंदीबाग, पठौरिया, थापकबाग समेत विभिन्न इलाकों में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए इस नाले के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। पिछले साल नगर निगम ने एक कार्यदायी संस्था को नाला निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराया था। संस्था की ओर से नाला निर्माण भी शुरू किया गया। मगर पत्थर निकलने की वजह से बंद कर दिया गया। फिर नगर निगम को बजट वापस कर दिया। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने जेडीए अधिकारियों से नाला निर्माण करवाने के लिए कहा।
जेडीए ने इसका टेंडर भी निकाल दिया। एक फर्म को काम भी मिल गया। इसी बीच नगर निगम की ओर से नाला की दिशा में बदलाव कर दिया गया। पहले नाला आतिया ताल से लोहामंडी होते हुए पठौरिया तक बनना था। फिर व्यापारियों के विरोध के चलते आतिया ताल से बीकेडी होते हुए सिद्धेश्वर मंदिर के पास से पठौरिया मार्ग पर नाला निर्माण करवाने का निर्णय लिया।
चूंकि, नाले की लंबाई तो बढ़ी, लेकिन बजट में इजाफा नहीं हुआ, ऐसे में ठेकेदार ने काम करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद जेडीए ने नगर निगम से नाला का निर्माण करवाने के लिए कहा है और 10 करोड़ रुपये बजट भी उपलब्ध कराने पर हामी भर दी। पहली किस्त के रूप में नगर निगम को सात करोड़ रुपये जेडीए से मिल भी गए। पिछले महीने नगर निगम की ओर से नाला निर्माण के लिए निविदा निकाली गई थी। मगर किसी ने भी इसमें हिस्सा नहीं लिया। नगर आयुक्त सत्य प्रकाश का कहना है कि दोबारा निविदा निकाल दी गई है।
एक जुलाई को खुलेगी निविदा
नगर निगम द्वारा दोबारा निकाली गई निविदा के दौरान 17 जून से एक जुलाई तक टेंडर डाले जा सकेंगे। एक जुलाई को दोपहर साढ़े तीन बजे निविदा खुलेगी।