मऊरानीपुर। विजयादशमी के पावन पर्व पर नगर पालिका ने मेला ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान लगभग 25 फीट ऊंचे रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की आकर्षक झांकी से हुई। मुख्य अतिथियों और प्रबुद्धजनों ने आचार्य-पुरोहितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीराम-लक्ष्मण का पूजन और महाआरती की। इसके बाद श्रीराम और लक्ष्मण ने धनुष पर बाण साधकर पुतलों का दहन किया। इससे पूरा परिसर जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। बुंदेलखंड पीठाधीश्वर बाबा रामदास ब्रह्मचारी ने कहा कि उज्ज्वल चरित्र वाले मनुष्य की सदैव विजय होती है। उन्होंने श्रीराम के जीवन को धर्म, मर्यादा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा बताया।
पंच अग्नि अखाड़ा के महंत सोमेश्वरानंद ने कहा कि वास्तविक रावण दहन तभी होगा जब मनुष्य अपने भीतर के अहंकार और अवगुणों का अंत करेगा। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती, तहसीलदार ललित कुमार पांडे, क्षेत्राधिकारी रत्नेश सिंह और पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि आयुष श्रीवास ने भगवान श्रीराम का पूजन किया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जयशंकर देवलिया, विष्णु राय, आशीष कौशिक सहित कई क्षेत्रीय नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिलाष तिवारी ने किया।