अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा ने समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। राष्ट्रीय सफाई आयोग की सदस्य मंजू दिलेर ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं के योगदान की जरूरत है। युवाओं को शिक्षा देने से समाज तरक्की करता है।
रविवार को दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित पुरुषार्थ गौरव सम्मान में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जीएस विश्नार, सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य महामंडलेश्वर सदानंद महाराज व मुजफ्फर नगर से विधायक प्रमोद ऊंटवाल रहे। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप चौहान एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी मोहन लाल बग्गन ने मेधावी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा में साठ प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 80 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा बबीना कैंट से पार्षद रवि भारती को भी सम्मानित किया गया।
विधायक प्रमोद ऊंटवाल ने कहा कि डा. भीमराव अंबेडकर ने हमें शिक्षा, राजनीति और व्यापार में आगे बढ़ने का मौका दिया। वाल्मीकि समाज को इसमें और प्रगति करनी चाहिए। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बंटी करौसिया ने की। इस मौके पर जगदीश प्रसाद, दीपक घावरी, दीपू पेंटर, राजेंद्र खरे, अमर सिंह बग्गन, सचिन, अजय, भरत करौसिया, श्यामबाबू, रूपेश गौहर, जितेंद्र करौसिया, नरेंद्र कुमार, चंदन वाल्मीकि उपस्थित रहे।