झांसी। रेलवे बोर्ड जल्द ही ह्यूमेन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने जा रहा है। इस सिस्टम में कर्मचारी को ई पास व पीटीओ जारी होंगे, जिनकी मदद से वे ऑनलाइन आरक्षण कर सकेंगे। इस सिस्टम से पारदर्शिता बढ़ेगी व पेपर लेस वर्किंग हो जाएगी।
रेलवे अपने पांच साल की नौकरी पूरी करने वाले कर्मचारियों को ट्रेन में मुफ्त यात्रा करने के लिए सालाना तीन सुविधा पास व चार पीटीओ उपलब्ध कराता है। सुविधा पास में कोई किराया नहीं लगता, जबकि पीटीओ में किराए का एक तिहाई पैसा देना पड़ता है। पांच साल से कम नौकरी वाले कर्मचारियों को साल में एक सुविधा पास व चार पीटीओ मिलते हैं। पास व पीटीओ पर रेलवे काउंटर पर ही आरक्षण मिलता है। कर्मचारी ऑनलाइन आरक्षण नहीं कर सकते हैं। मगर रेलवे अब पास व पीटीओ को ऑनलाइन करने जा रहा है। कर्मचारियों को ई पास व पीटीओ जारी होंगे, जिनकी मदद से वे ऑनलाइन भी आरक्षण करा सकेंगे। इसके लिए सेंटर फॉर रेलवे इंफोरमेशन सिस्टम (क्रिस) ने हूमेन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया है, जिसकी टेस्टिंग का काम शुरू हो गया है। इस सुविधा से मंडल के 20 हजार से अधिक कर्मचारी लाभान्वित होंगे।