बिजली की चपेट में तीन किसानों की मौत, दो झुलसे
गुरसराय/रानीपुर/ बंगरा/ धमना खुर्द । ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश अपने साथ कहर भी लेकर आई। बारिश के दौरान सोमवार को बिजली गिरने से तीन लोगों को मौत हो गई और दो लोग झुलस गए। इसके अलावा बंगरा के निमौनी गांव में नौ बकरियां भी मर गईं। उल्दन और रानीपुर की सीमा विवाद में कई घंटे तक पुलिस शव उठाने के लिए नहीं पहुंची। इस पर प्रधान ने एसडीएम को सूचना दी। एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर अपने सामने शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। इन हादसों से गांवों में कोहराम मच गया।
सोमवार को 3 बजे बारिश के दौरान बिजली गिरने से बछेह निवासी रामनरेश (35) खेतों में भैंस चराते समय चपेट में आ गया। ग्राम लखावती निवासी मनोज शर्मा (40) खेतों में काम कर रहा था। उसी समय बिजली का तेज झटका लगा। वह खेत पर बेहोश हो गया। चौकरी निवासी किसान चतुर्भुज (50) भी खेतों में काम करते समय बिजली की चपेट में आ गया। वह भी गंभीर रूप से झुलस गया। तीनों को ग्रामीण लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने चतुर्भुज को मृत घोषित कर दिया। बछेह में गाज गिरने से भैंस भी मर गई। दो लोगों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है
बंगरा अंतर्गत ग्राम पंचायत निमौनी में सोमवार दोपहर में बारिश से दौरान बिजली गिरने से जान और माल का काफी नुकसान हुआ। ग्राम निमौनी में खेत पर रखवाली कर रहे किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई। इसके अलावा नौ बकरियां भी मर गईं। टिकरी निवासी किसान ठाकुरदास कुशवाहा (55) खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था। अचानक बारिश होने के दौरान गाज उसके ऊपर गिर गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खेत पर
बंधी नौ बकरियों की भी मौत हो गई। घटना की सूचना निमौनी प्रधान राजकुमार मिश्रा ने उपजिलाधिकारी को दी। मौके पर पहुंची तहसीलदार वंदना कुशवाहा ने स्थिति का जायजा लिया और हरसंभव सरकारी मदद का किसान के परिवार वालों को दिलाने का भरोसा दिया। तहसीलदार ने कई जगहों का मौका मुआयना किया। थानों की सीमा विवाद के चक्कर में कई घंटे तक किसान का शव पड़ा रहा । थाना उल्दन का कहना था कि उनकी सीमा में नहीं है तो वहीं रानीपुर रिपोर्टिंग चौकी का कहना था कि उनकी सीमा में नहीं है। लोगों ने बताया कि लगभग दो घंटे तक शव पड़ा रहा। एसडीएम मऊरानीपुर अंकुर श्रीवास्तव एवं तहसीलदार ने अपनी मौजूदगी में शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किसान नेता अखिलेश लिटौरिया ने बताया कि किसान परिवार बेहद गरीब है। किसान के ऊपर परिवार की जिम्मेदारी थी। सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की गई है।
उधर, बरुआसागर थाना क्षेत्र के इटोरा में बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई। प्रकाश (50) दिन में करीब 2.30 बजे खेत पर भैंस चरा रहा था। उसी समय तेज आवाज के साथ बिजली गिरी। इससे प्रकाश की मौत हो गई। पास में ही मनरेगा में काम कर रहे लोगों ने देखा तो प्रधान प्रमोद कुमार को सूचना दी। प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी धमना ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किसान के बेटे जितेंद्र व सुरेंद्र ने बताया कि पिता के ऊपर कर्ज भी था। मौके पर पहुंचे तहसील कर्मचारियों से ग्रामीणों ने किसान परिवार को आर्थिक मदद देेने की मांग की। ग्राम मगरवारा में बिजली गिरने से कई जानवरों की मौत हो गई। जमुना प्रसाद कुशवाहा के खेत पर महुआ के पेड़ पर बिजली गिरने से पेड़ के नीचे बंधी पड़िया और बकरी की मौत हो गई। लोगों ने बताया कि क्षेत्र के अन्य कई गांवों में भी कई जानवरों की मौत हो गई है।