झांसी। स्टेशन की तरह रेलवे के हर दफ्तर में अब सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। उद्देश्य कर्मचारियों व आने- जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना है। टेंडर हो गया है। मार्च तक यह काम पूरा हो जाएगा।
रेलवे ने अभी अपने सभी प्रमुख स्टेशनों की हलचल पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगा रखे हैं। इन कैमरों की मदद से कई अपराधियों को पकड़ा जा चुका है। यात्री भी कोई रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं करते हैं। कर्मचारियों की कार्य प्रणाली का भी पता लगता रहता है। रेल संचालन और यात्री सुविधा के लिहाज से कैमरे हर तरह से बेहतर साबित हुए हैं। रेलवे प्रशासन अब अपने कार्यालयों में भी सीसीटीवी कैमरे में लगाने जा रहा है। इससे कार्यालय में हर आने जाने वाले और कर्मचारियों के काम पर नजर रखी जा सकेगी। इस व्यवस्था को रेलनेट से जोड़ा जाएगा। डीआरएम कार्यालय से कैमरे लगाने की शुरुआत की जा रही है। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टेंडर हो गया है। मार्च तक सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।