- अधिकारियों के आश्वासन फेल, विधायक का निरीक्षण बेअसर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरसराय। गरौठा पुनर्गठन पेयजल योजना के अंतर्गत पिछले सात साल से काम चल रहा है। इसके बावजूद पेयजल आपूर्ति शुरू करने की कोई निश्चित तारीख नहीं है। कार्यदायी संस्था की लेटलतीफी के चलते आज तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी।
विधायक जवाहरलाल राजपूत ने अप्रैल महीने की शुरुआत में इस योजना में पानी देने के लिए बनाए गए पंप हाउस का निरीक्षण किया था। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पांच अप्रैल को पेयजल योजना के तहत पानी मिलना शुरू हो जाएगा। लेकिन अभी तक ऐसा न हो सका। इसके बाद विधायक ने एक सप्ताह पहले गुरसराय के फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने फिल्टर प्लांट में आपूर्ति दिखाकर विधायक को आश्वासन दिया था कि हर हाल में 15 अप्रैल तक गुरसराय को शुद्ध पेयजल आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। लेकिन 17 अप्रैल बीतने के बाद भी अभी तक अधिकारी अपनी घोषणा के मुताबिक आपूर्ति शुरू नहीं कर सके।
लोगों ने बताया कि फिल्टर प्लांट पर तैयारी अभी अधूरी है, पानी को सप्लाई करने वाली टंकी भी पानी को वितरण करने के लिए अभी पूर्ण रूप से तैयार नहीं हुई है। इसके अलावा फिल्टर प्लांट भी अभी कुछ कमियों से गुजर रहा है। जिसमें अभी समय लग सकता है। लेकिन अधिकारी, जनप्रतिनिधियों और जनता को बार-बार नई तारीख देकर गुमराह करते रहते हैं।
इस संबंध में विधायक जवाहर राजपूत ने बताया कि उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को चेताया कि शीघ्र पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें।