झांसी। गर्मियों में नगर निगम व जनपद की अन्य नगरीय इकाइयों में पेयजल संकट दूर करने के लिए जल संस्थान ने 3.10 करोड़ रुपये की कार्य योजना तैयार कर जिला प्रशासन के पास भेजी है। कार्य योजना में सपरार व बड़वार की पंपिंग व्यवस्था को भी शामिल किया गया है।
जनपद के शहरी व कसबों में जहां पेयजल पाइप लाइन नहीं है, वहां गर्मियों में पानी का संकट गहरा जाता है। चूंकि, इस बार बारिश कम हुई है, इससे हैंडपंपों का जलस्तर भी लगातार गिरता जा रहा है। जल संस्थान ने इस बार नगरीय इकाइयों में जल संकट से निपटने के लिए 1.80 करोड़ की कार्य योजना तैयारी की थी, मगर जिला प्रशासन द्वारा कार्य क्षेत्र बढ़ा दिए जाने से अब कार्य योजना की लागत 3.10 करोड़ कर दी गई है।
इसमें 46.35 लाख रुपये जनपद की 13 नगरीय इकाइयों (एक नगर निगम, पांच नगर पालिका व सात नगर पंचायत) में हैंडपंप मरम्मत व जीआई पाइप बढ़ाने, 133.65 लाख रुपये नगरीय इकाइयों में टैंकरों से जलापूर्ति करने, दस नग पुराने टैंकरों की बॉडी बदलने की मरम्मत का काम तथा 130 लाख से मऊरानीपुर व आसपास क्षेत्र को पेयजल उपलब्ध कराने वाले सपरार व बड़वार बांध में जल स्तर कम होने के कारण अस्थाई पंपिंग, नलकूप में कालम पाइप बढ़ाने, नलकूप विकास कार्य, जनरेटर मरम्मत, संचालन, केबल, स्टार्टर, पंपिंग प्लांट आपूर्ति आदि कार्य होंगे।
इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरएस यादव ने बताया कि बजट मिलते ही सभी कार्यों पर एक साथ काम शुरू कर दिया जाएगा, ताकि गर्मियों में लोगों तक समय से पानी पहुंचाया जा सके।