हमारी झांसी जैसा र्कोई नहीं, यहां शराब पीकर कोई भी वाहन नहीं चलाता है। यह हम नहीं कह रहे, बल्कि पुलिस के आंकड़े बता रहे हैं। चार माह में शराब पीकर वाहन चलाने में किसी भी चालक का पुलिस ने चालान नहीं काटा है। जबकि, शाम के समय शराब पीने वालों का होटलों व ढाबों के बाहर जमावड़ा लगा रहता है।
महानगर के सभी चौराहों पर यातायात व थाने की पुलिस चेकिंग करती है। बिना हेलमेट से लेकर अधूरे कागजात पाए जाने पर पुलिस चालान भी करती है। चार माह के चालान के आंकड़ों पर नजर डालें तो एक भी चालान शराब पीकर गाड़ी चलाने के जुर्म में नहीं कटा है। जबकि महानगर में कई स्थान ऐसे हैं, जहां शाम ढलने की बात तो छोड़िए सुबह 11 बजे से ही लोग गाड़ियां बाहर लगाकर शराब पीना शुरू कर देते हैं। दिन हो या रात शराब पीकर शहर की सड़कों पर वाहन चलाते हैं। इस दौरान कोई भी पुलिसकर्मी ऐसे वाहन चालकों का चालान करना उचित नहीं समझता। यही वाहन चालक हादसे का भी कारण बन जाते हैं।
रात को चलता है दौर
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करना पुलिस के लिए बड़ी बात नहीं है। महानगर के इलाइट चौराहा, बस स्टैंड, कचहरी चौराहा, चित्रा चौराहा, मिनर्वा चौराहा, सदर बाजार समेत अन्य चौराहों के होटलों व सड़क किनारे बने ढाबों पर रात के समय शराब पीने वालों का दौर देर रात तक चलता है। लेकिन, पुलिस की सेटिंग होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो पाती।
दस हजार रुपये है जुर्र्माना
नय नियम के मुताबिक शराब पीकर वाहन चलाने पर छह महीने तक की कैद या फिर दस हजार रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा। यदि दूसरी बार ऐसा किया तो दो साल की कैद या फिर 15 हजार रुपये का जुर्र्माना किया जा सकता है। चेकिंग के दौैरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर पुलिस कार्रवाई करती है।
किस महीने कितने चालान काटे गए
माह चालान राजस्व (रुपये में)
अगस्त एक हजार 69,800
सितंबर 1,886 2,86,200
अक्तूबर 1,774 3,39,400
नवंबर (13 तक) 2,696 3,11,900
सभी थानों में दिए गए हैं ब्रीथ एनालाइजर
चेकिंग के दौैरान शराब पीकर वाहन चालक को पकड़ने के लिए जिले के सभी थानों व यातायात पुलिस को ब्रीथ एनालाइजर मिले हुए हैं। चार माह से एक भी चालान न करने से पता चलता है कि पुलिस शराब पीकर वाहन चालकों का चालान करने में हिचकती है। जिस कारण एक भी चालान नहीं किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के भी चालान होते हैं। इनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश यातायात के साथ थाना पुलिस को दिए गए हैं।
श्रीप्रकाश द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक - नगर